आरोग्य दृष्टि पोर्टल की समीक्षा में स्वास्थ्य डेटा के केंद्रीकरण पर जोर

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरोग्य दृष्टि पोर्टल के विकास एवं विभिन्न स्वास्थ्य पोर्टलों के डेटा इंटीग्रेशन को लेकर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डेटा एकीकरण से पहले सभी पोर्टलों का गहन अध्ययन कर फील्ड स्तर से गुणवत्तापूर्ण आंकड़े जुटाने की व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य डेटा को केंद्रीकृत कर एनालिटिक्स एवं पिन-पॉइंटेड इंडिकेटर्स के माध्यम से प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की निगरानी, टीबी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित विभिन्न सेवाओं का डेटा अलग-अलग पोर्टलों पर उपलब्ध है। इन सभी को एकीकृत कर केंद्रीय डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा। आरोग्य दृष्टि पोर्टल से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, योजनाओं के मूल्यांकन एवं त्वरित निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
