टिहरी सी-ब्लॉक में तीन परिवार सुरक्षित स्थानांतरित, सुरक्षा दीवार का कार्य प्राथमिकता पर

टिहरी। नई टिहरी के सी-ब्लॉक टाइप-3 आवासीय परिसर में निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार की धीमी प्रगति एवं भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन तीन परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा दीवार का शेष कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। तहसील प्रशासन की रिपोर्ट के बाद आवास संख्या 4/1, 4/3 और 4/4 में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया, जबकि 4/2 पहले से खाली था। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था की है। संवेदनशील भवन पर खतरे का चिन्ह लगाकर पुलिस को बैरिकेडिंग एवं निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा दीवार का निर्माण स्वीकृत डिजाइन के अनुसार शीघ्र पूरा कराया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रमाण-पत्र मिलने के बाद ही परिवारों की वापसी सुनिश्चित की जाएगी।
