ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने दिए निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी 11 नगर निकायों एवं संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने लिगेसी वेस्ट के निस्तारण में तेजी लाने, घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्रोत स्तर पर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ग्रीन रेटिंग मानकों के अनुरूप नियमित रिपोर्टिंग एवं कचरा संग्रहण, परिवहन तथा वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, डंपिंग साइटों के वैज्ञानिक संचालन, धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
