हनुमान जी की वेशभूषा में नृत्य कराने पर जताई नाराजगी, माफी की मांग

हरिद्वार। लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा धारण किए व्यक्ति से नृत्य कराए जाने के मामले को लेकर श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने नाराजगी जताई है। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक के संयोजन में सदस्यों ने शंकर आश्रम स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि देवी-देवताओं का राजनीतिक आयोजनों में इस प्रकार उपयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हनुमान जी की वेशभूषा में भाजपा का झंडा लेकर नृत्य कराना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के सम्मान और संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। विष्णु प्रसाद शास्त्री और कार्तिक महाराज ने भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने की बात कही। इस अवसर पर अभिमन्यु शास्त्री, मनोज मिश्रा, रमेश शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
