सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर जवानों के बीच पहुंची पुलिस


चमोली। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चमोली यातायात पुलिस की ओर से बुधवार को पीपलकोटी स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक जितेंद्र जोशी ने सीआईएसएफ अधिकारियों और जवानों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, गुड समैरिटन योजना और प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने और ओवरस्पीडिंग व ओवरलोडिंग से दूर रहने की अपील की। जवानों को गुड समैरिटन योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों को कानून संरक्षण प्रदान करता है। साथ ही गोल्डन ऑवर के महत्व और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सीआईएसएफ जवानों ने यातायात नियमों का पालन करने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!