कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकालकर राजस्थान की घटना के विरोध में जताया आक्रोश

देहरादून/विकासनगर। शहर कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हरबर्टपुर में राजस्थान में 13 वर्षीय बच्ची के साथ हुई घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिवंगत बच्ची को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि बेटियों और बच्चियों के साथ इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने राजस्थान की घटना के दोषियों को शीघ्र कठोर दंड देने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं महिला कांग्रेस की बिना चौहान ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। कैंडल मार्च में हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, विकासनगर शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, पिंकी रोहिल्ला, नीरज रोहिल्ला, फुरकान अहमद, ममता रावत, सुनीता बिष्ट, अर्चना नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
