नारी पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर दिए महिलाओं की सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश


पौड़ी। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बुधवार को कोटद्वार स्थित नारी पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में रह रही महिलाओं और युवतियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, आवास, खान-पान और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नारी पुनर्वास केंद्र महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी प्रदान कर रहा है। महिलाओं ने आवागमन सुविधा की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर आयोग अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र में रह रही महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। कुसुम कंडवाल ने केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की गरिमा और समुचित देखभाल सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!