हरेला महाभियान को जनआंदोलन बनाने की तैयारी, आयुक्त ने दिए निर्देश्ज्ञ

पौड़ी। आगामी हरेला पर्व को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने मंडल के सभी जिलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को हरेला महाभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि हरेला केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी जिलों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों को गमलों में तैयार कर स्थानीय लोगों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर सकें। बैठक में उद्यान विभाग को फलदार एवं औषधीय पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चारधाम यात्रा मार्ग और धामों के आसपास भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाने को कहा गया। आयुक्त ने ऐसे क्षेत्रों में रामबांस, नेपियर घास सहित मिट्टी संरक्षण में सहायक प्रजातियों के पौधों का रोपण करने तथा बायो-इंजीनियरिंग विशेषज्ञों की सलाह लेने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि बिना क्रैश बैरियर वाले सड़क मार्गों पर लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के माध्यम से पौधरोपण कराया जाएगा। वहीं उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने नेताला क्षेत्र में रामबांस के रोपण की जानकारी दी।
आयुक्त ने सभी विभागों को पौधरोपण स्थलों की जियो-टैगिंग, आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरेला दिवस पर विभागों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
