एसएसपी ने की समीक्षा, साइबर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

टिहरी। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ’’ऑपरेशन साइबर सुरक्षा’’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के थाना प्रभारियों, साइबर सेल और संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में साइबर अपराधों से जुड़े लंबित मामलों, साइबर पोर्टल शिकायतों, ई-जीरो एफआईआर, एमआरएम सहित अन्य मॉड्यूल की प्रगति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल परीक्षण कर आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साइबर ठगी के पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए 1930 हेल्पलाइन और एमआरएम के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अकाउंट फ्रीज, अनफ्रीज और लियन रिमूवल जैसे मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। एसएसपी ने चेतावनी दी कि साइबर अपराधों में लापरवाही अथवा अनावश्यक लंबित मामलों पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
