ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर सीडीओ सख्त, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन अनिवार्य

हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को आवश्यक निर्देश दिए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में सुरक्षित कूड़ा निस्तारण स्थलों की पहचान करने तथा ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक सहित अन्य अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सभी ग्राम पंचायतों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर स्वच्छता कंट्रोल रूम को भेजने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे के सुरक्षित संग्रह और निस्तारण के लिए ग्राम पंचायतों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही जनजागरूकता, संसाधनों की उपलब्धता और कार्यान्वयन में आने वाली चुनौतियों पर भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
