कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां 25 जुलाई तक करें पूरी: जिलाधिकारी

हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संचालन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा का सफल संचालन राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और करोड़ों शिवभक्तों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़ी सभी तैयारियां 25 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में सिंचाई विभाग को कांवड़ पटरी मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से पूरी करने, जिला पंचायत को झाड़ियों की कटाई, सार्वजनिक शौचालयों एवं स्नान गृहों की सफाई और मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा झूलते बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया। जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था करने और स्वास्थ्य विभाग को मार्ग पर स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रभावी यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। साथ ही कांवड़ पटरी मार्ग पर विद्युत पोलों के नीचे किसी भी प्रकार के अस्थायी फड़ या स्टॉल न लगाने और इसकी नियमित निगरानी के निर्देश दिए। वन विभाग को आवश्यक स्थानों पर पेड़ों की लॉपिंग की अनुमति देकर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
नगर निगम और जिला पंचायत को यात्रा मार्गों, शिविर स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
