बिना लाइसेंस संचालित बीस टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों पर कार्रवाई


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं संभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून संदीप सैनी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने हरिद्वार शहर की शिवमूर्ति गली में बिना वैध लाइसेंस सार्वजनिक परिवहन सेवाएं संचालित करने वाले टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान विभिन्न ट्रैवल एजेंसियों और बुकिंग कार्यालयों का निरीक्षण किया गया।
जांच में कई संचालक बिना वैध लाइसेंस यात्रियों की बुकिंग और परिवहन सेवाएं संचालित करते पाए गए, जो मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा वर्ष 2023 की संबंधित विनियमावली का उल्लंघन है। इस पर विभाग ने 20 टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए भविष्य में बिना लाइसेंस संचालन न करने की चेतावनी दी। अभियान के दौरान संचालकों को बताया गया कि बिना वैध लाइसेंस सार्वजनिक परिवहन सेवाएं संचालित करना दंडनीय अपराध है। निरीक्षण के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी संकलित किए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शी परिवहन व्यवस्था और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रूप से संचालित टूर एवं ट्रैवल एजेंसियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!