ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा, बनेगा समग्र सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पंचायत, नगर निकायों और संबंधित संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि एमआरएफ केंद्रों से निकलने वाले सूखे कचरे का निस्तारण केवल अधिकृत रीसाइक्लिंग कंपनियों के माध्यम से किया जाए तथा प्रत्येक माह पुनर्चक्रण का प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए। गीले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों में जीपीएस सक्रिय रखने और बड़े कचरा उत्पादकों का सर्वे कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद के लिए समग्र सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे कचरा प्रबंधन व्यवस्था को दीर्घकालिक, पारदर्शी और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। बैठक में दिए गए सभी निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन पर भी जोर दिया गया।
