सहकारिता के विस्तार को मिलेगी नई गति, आठ नए सहकारी संघ होंगे गठित: डॉ. धन सिंह
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,

देहरादून। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून में आयोजित ’‘सहकार मंथन’’ कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आठ नए सहकारी संघ गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन संघों के माध्यम से महिलाओं, युवाओं, किसानों, कारीगरों और विभिन्न वर्गों को संगठित कर स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही जिला स्तर के बाद अब विधानसभा स्तर पर भी सहकारी मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
मंत्री ने बताया कि नए सहकारी संघों में ’’लखपति दीदी फेडरेशन, महिला स्वयं सहायता समूह फेडरेशन, वन पंचायत फेडरेशन, स्वास्थ्य फेडरेशन, प्लंबर एवं जल कार्यकर्ता फेडरेशन, भारत टैक्सी फेडरेशन, एविएशन फेडरेशन तथा यूथ फेडरेशन’’ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 21 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों को संगठित कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, जबकि यूथ फेडरेशन का लक्ष्य एक वर्ष में एक लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। भारत टैक्सी फेडरेशन के माध्यम से लगभग 47 हजार वाहन चालकों को आधुनिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत मंथन हुआ। घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत और जिला सहकारी बैंक टिहरी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला ने प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र में हुए नवाचारों और विकास कार्यों की सराहना की। निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने विभागीय योजनाओं और तकनीकी नवाचारों की जानकारी देते हुए पारदर्शिता और जनसहभागिता पर जोर दिया।
13 उत्कृष्ट सहकारी समितियां सम्मानित
कार्यक्रम में प्रदेश की 13 उत्कृष्ट बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, चमोली, हरिद्वार, पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और रुद्रप्रयाग की समितियां शामिल रहीं। नाबार्ड द्वारा चयनित ’’जिला सहकारी बैंक चमोली और पौड़ी’’ को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा दुधारखाल बहुउद्देशीय सहकारी समिति और सिद्ध बाबा कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिला।
कार्यालय भवनों का लोकार्पण और महिलाओं को सहायता
इस अवसर पर उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा लगभग 10.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न कार्यालय भवनों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। वहीं महिला स्वयं सहायता समूह ’’उज्ज्वल होशियारी’’ और ’’माता वैष्णवी’’ को पांच-पांच लाख रुपये के ब्याजमुक्त ऋण के चेक प्रदान किए गए। साथ ही गुजारना एवं सरोना बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों, सहकार बंधुओं और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!