हरेला पर्व पर टिहरी में 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

टिहरी। हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई को जनपद टिहरी गढ़वाल में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। शासन ने जनपद को 65 हजार पौधारोपण का लक्ष्य दिया है, लेकिन जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अतिरिक्त प्रयास कर कुल 75 हजार पौधे लगाने के निर्देश दिए। वन विभाग 114 स्थानों पर पौधारोपण करेगा, जबकि विभिन्न विभागों और विद्यालयों को समय पर पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला पर्व को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा दिया जाए।
