पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रुद्रप्रयाग। वन महोत्सव सप्ताह के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वन विभाग के सहयोग से दक्षिणी जखोली रेंज में पौधारोपण अभियान चलाया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में सचिव पायल सिंह ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय, फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों, रिटेनर अधिवक्ताओं और पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
विकासनगर। वन महोत्सव के तहत अंबाडी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पृथ्वीपुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में वन विभाग द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन दरोगा राजू राणा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण व नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और ग्रामीण मौजूद रहे।

गवाणा में हुआ पौधारोपण
उत्तरकाशी। वन महोत्सव सप्ताह के तहत गवाणा अनुभाग में ग्रामवासियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। वन क्षेत्राधिकारी बाड़ाहाट के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कचनार, देवदार और बांज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
