कचरा प्रबंधन पर उठे सवाल, यूकेडी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन


उत्तरकाशी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय महामंत्री ’’किरण रावत’’ के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तरकाशी, जो गंगोत्री धाम का प्रवेश द्वार और आस्था का प्रमुख केंद्र है, आज अव्यवस्थित कचरा प्रबंधन और प्रशासनिक उदासीनता से जूझ रहा है। नगर में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं तथा ’’ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016’’ के तहत कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी है।
यूकेडी ने आरोप लगाया कि बरसात के दौरान खुले में पड़ा कचरा बहकर भागीरथी नदी में पहुंच रहा है, जिससे पर्यावरण और गंगा की पवित्रता पर खतरा बढ़ रहा है। संगठन ने कचरा प्रबंधन की उच्चस्तरीय जांच, संबंधित फर्म के अनुबंध और भुगतान की समीक्षा, भागीरथी में कचरा जाने से रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यूकेडी ने चेतावनी दी कि 15 दिनों में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान सुरजीत राणा, पंकज उनियाल, रोहित रावत, उपेंद्र राणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!