हरिद्वार-रुड़की में शराब ठेकों पर ओवररेटिंग का आरोप, जांच की मांग


हरिद्वार। हरिद्वार और रुड़की में अंग्रेजी शराब के ठेकों पर ओवररेटिंग और ग्राहकों से दुर्व्यवहार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। शिवालिक नगर, रुड़की के रामनगर तिराहा और नगर निगम पुल स्थित ठेकों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें आम हो गई हैं। आरोप है कि कई ब्रांड की शराब पर 50 से 100 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं, जबकि ठंडी बीयर के नाम पर भी 20 से 50 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं।
ग्राहकों का कहना है कि शाम के समय भीड़ का फायदा उठाकर कुछ ब्रांड की कमी बताई जाती है और बाद में अतिरिक्त राशि लेकर वही शराब उपलब्ध करा दी जाती है। कई मामलों में एमआरपी से अधिक रकम वसूलने और शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप हैं। शिकायतों के अनुसार कई शराब ठेकों पर बिलिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और ब्रांड व मूल्य सूची का प्रदर्शन भी नहीं किया जा रहा, जबकि यह अनिवार्य है। इससे उपभोक्ताओं में आबकारी विभाग की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी बढ़ रही है।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिजौला ने कहा कि ओवररेटिंग के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित शिकायतों की जांच कराई जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!