छात्रावास में भोजन गुणवत्ता पर सख्ती, औचक निरीक्षण में व्यवस्थाओं की जांच

उत्तरकाशी। जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार ने बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। यह कार्रवाई जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर उस शिकायत के बाद की गई, जिसमें छात्रावास में दूषित और गुणवत्ताविहीन भोजन की बात सामने आई थी। निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षक एवं अधीक्षिका भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण में रसोईघर, स्वच्छता व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कैटरर से तत्काल स्पष्टीकरण लेने तथा विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही रसोई में प्रतिदिन नियमित सफाई और सभी स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। भोजन की गुणवत्ता पर पारदर्शी निगरानी के लिए छात्र-छात्राओं की एक विशेष निगरानी समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए, जो प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पोषण से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
