डॉक्टर्स डे पर उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित करने की उठाई मांग

श्रीनगर गढ़वाल। डॉक्टर्स डे के अवसर पर श्रीनगर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने डॉ. बी.पी. नैथानी, डॉ. आशुतोष सयाना, डॉ. सी.एम.एस. रावत, डॉ. राकेश रावत, डॉ. विमल गुसाईं सहित कई चिकित्सकों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की आवश्यकता बताई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने विशेष रूप से डॉ. बी.पी. नैथानी एवं मंजू नैथानी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से श्रीनगर शहर स्वच्छता का मॉडल बन रहा है। बार काउंसिल सदस्य अर्जुन सिंह भंडारी और संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि चिकित्सा सेवा के साथ स्वच्छता के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
