एसएसपी की पहल पर टिहरी में ‘’टीम गौरा’’ का गठन, महिला एवं बाल सुरक्षा को मिलेगा नया संबल


टिहरी। महिला एवं बाल सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की पहल पर जनपद में टीम गौरा का गठन किया गया है। इस विशेष टीम का उद्देश्य महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा महिलाओं और बच्चों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।
इसी क्रम में पुलिस लाइन चंबा में महिला उपनिरीक्षकों, महिला मुख्य आरक्षियों और महिला आरक्षियों के लिए एक दिवसीय ’’‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी)’’’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आत्मरक्षा विशेषज्ञों ने आधुनिक आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया। वहीं सहायक लोक अभियोजक परवाज़ अख्तर ने महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों, पॉक्सो अधिनियम और प्रभावी विवेचना की जानकारी दी। किशोर न्याय बोर्ड की सदस्या अमिता रावत ने बाल संरक्षण एवं किशोर न्याय कानूनों पर प्रशिक्षण दिया, जबकि मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता मालती रावत ने तनाव प्रबंधन और संवेदनशील व्यवहार पर मार्गदर्शन दिया। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि ’’‘टीम गौरा’’’ महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षा, विश्वास और संवेदनशील पुलिसिंग का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने महिला बीट व्यवस्था को मजबूत करने, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त महिला पुलिसकर्मी थाना क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, पॉक्सो कानून, पॉश अधिनियम, गौरा शक्ति ऐप और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल जनपद में महिला एवं बाल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!