संत समाज के मार्गदर्शन से कुंभ-2027 बनेगा ऐतिहासिक, तैयारियों में लाएं तेजी: राम सिंह कैड़ा

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर सोमवार को मेला नियंत्रण भवन के सभागार में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभिन्न अखाड़ों के संतों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संत समाज की आवश्यकताओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति का सबसे विराट आयोजन है, जिसकी भव्यता संत समाज के मार्गदर्शन और सहयोग से और अधिक बढ़ती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अखाड़ों की परंपराओं और आवश्यकताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा तथा सभी सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवर, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं शिविर क्षेत्रों के विकास सहित सभी आधारभूत सुविधाओं पर तेज गति से कार्य चल रहा है। बैठक में उपस्थित संतों ने तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार और संत समाज के संयुक्त प्रयासों से कुंभ-2027 ऐतिहासिक और गरिमामय बनेगा तथा श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव प्रस्तुत करेगा।
मेला अधिकारी सोनिका ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने अखाड़ों से संबंधित सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं अखाड़ों के संत-महात्मा उपस्थित रहे।
