एक सप्ताह में शासन को भेजें नयार नदी पुनर्जीवन योजना की डीपीआर: दिलीप जावलकर

पौड़ी। प्रमुख सचिव एवं जनपद के प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल स्रोत एवं नदी पुनर्जीवन प्राधिकरण (सारा) की बैठक में नयार नदी पुनर्जीवन परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीपीआर एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजी जाए, ताकि परियोजना पर जल्द कार्य शुरू किया जा सके।
बैठक में जलागम विभाग ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रभारी सचिव ने कहा कि नयार घाटी पेयजल, सिंचाई और ग्रामीण आजीविका का प्रमुख आधार है, इसलिए नदी और जल स्रोतों का संरक्षण पर्यावरणीय एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत कंटूर ट्रेंच, तालाब, चेकडैम, माइक्रोप्लानिंग, जियोटैगिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसे वैज्ञानिक उपाय अपनाए जाएंगे, जिससे वर्षाजल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और मृदा अपरदन पर नियंत्रण संभव होगा। उन्होंने सभी जल संरक्षण कार्यों को जियोटैग आधारित बनाने, नियमित मॉनिटरिंग, चेकडैमों की गुणवत्ता सुधारने और उनके आसपास पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय समुदाय, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक के बाद प्रभारी सचिव ने निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का निरीक्षण कर कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

मानसून तैयारियों की प्रभारी सचिव ने की समीक्षा
पौड़ी। प्रमुख सचिव एवं जनपद के प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने सोमवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र का निरीक्षण कर मानसून को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग पूर्ण सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा राहत एवं बचाव संसाधनों की किसी भी स्तर पर कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, खोज एवं बचाव उपकरण, ड्रोन तथा अन्य संसाधनों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 19 सैटेलाइट फोन और 60 जियो-स्टेशनरी सैटेलाइट फोन सक्रिय हैं। प्रभारी सचिव ने संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन सर्विलांस, नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों के प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल और श्सचेतश् ऐप के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विभागवार मानसून तैयारियों, राहत कार्यों तथा विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
हेरिटेज भवन का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण
पौड़ी। जनपद के प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने सोमवार को निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को भवन का निर्माण निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन को स्थानीय विरासत के अनुरूप विकसित किया जाए, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। आगंतुकों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया। अधिशासी अभियंता रीना नेगी ने बताया कि इंटीरियर कार्य का प्राक्कलन पर्यटन विभाग को भेजा गया है। निरीक्षण में अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
