अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शनिवार को पुलिस लाइन पौड़ी में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन, यातायात प्रबंधन, लंबित विवेचनाओं और सत्यापन अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित सभी अभियानों का प्रभावी और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, ऑपरेशन प्रहार, नशा उन्मूलन और जनजागरूकता अभियानों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने छोटे मामलों का निस्तारण 15 दिन तथा अन्य मामलों का 60 से 90 दिन के भीतर करने के निर्देश दिए। अनावश्यक विलंब करने वाले विवेचकों और थाना प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर व्यवस्था का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने, फायर यूनिटों द्वारा अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों, होटलों और सार्वजनिक संस्थानों का नियमित फायर सुरक्षा ऑडिट कराने तथा कर्मचारियों को अग्निशमन प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। नशा उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया।
उन्होंने किरायेदारों, घरेलू सहायकों, बाहरी श्रमिकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों के अनिवार्य सत्यापन, सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री की निगरानी तथा जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के भी निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नशा उन्मूलन, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने को कहा।
बैठक के दौरान मई माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
