नई उमंग कृषक उत्पादक संगठन की मांगों पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा


टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नई उमंग कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर किसानों के हित में संचालित गतिविधियों और संगठन की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में संगठन अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने बताया कि वर्ष 2022 से नाबार्ड के सहयोग से संगठन कार्यरत है और वर्तमान में इससे 247 किसान जुड़े हैं, जिनमें 193 महिलाएं और 54 पुरुष किसान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन क्षेत्र में जैविक खाद्य उत्पादों के उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। बेहतर विपणन व्यवस्था के लिए भागीरथीपुरम स्थित बंद पड़ी कृषि समिति की दुकान तथा कोटी कॉलोनी में एक दुकान आउटलेट के रूप में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी से दुकान की उपलब्धता की जानकारी लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे उनकी आय बढ़े और जैविक कृषि को प्रोत्साहन मिले। बैठक में संगठन सचिव सुषमा बिष्ट, जगदीश बड़ोनी, अनुज गोसाईं सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!