पुलिस ने दो चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, रोलेक्स घड़ी समेत लाखों का सामान बरामद


कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर कोटद्वार पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की रोलेक्स घड़ी भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, हरसिंहपुर बालासौड़ निवासी प्रदीप कुकरेती के घर में 3 जून से घर बंद होने के दौरान चोरी हुई थी। वहीं 21 जून को जल निगम कॉलोनी स्थित सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की शिकायत अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल ने कोतवाली कोटद्वार में दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनाओं के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस तथा मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की।
23 जून को पुलिस ने प्रमिन्द्र उर्फ पप्पी, अमन कुमार, सुरेन्द्र उर्फ सनम और तस्लीम अहमद उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से रोलेक्स घड़ी, इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, एलसीडी, पंखे, इंडक्शन और प्रेस सहित चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। एसपी सर्वेश पंवार ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!