विधायक ने किया कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का शुभारंभ

पौड़ी। पौड़ी नगर के कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का शुभारंभ विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दोनों ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में स्टेडियम में वुडन फ्लोर, पॉलिशिंग, वॉल पेंटिंग और विद्युत व्यवस्था सहित कई सुधार कार्य कराए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा मिल सकेगी। विधायक ने स्टेडियम के सौंदर्यीकरण और समयबद्ध कार्य पूर्ण होने की सराहना की। जिलाधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बैडमिंटन कोच की नियुक्ति की गई है। साथ ही भोजन व्यवस्था, खेल सामग्री और अन्य सुविधाओं को सुधारने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने नियमित फीडबैक प्रणाली विकसित करने को कहा ताकि खेल सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा सके। यह सुविधा क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
