जिलाधिकारी ने जीआईएस मैपिंग से तय की जवाबदेही, हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर होगी विशेष कार्रवाई
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में सोमवार को 146 जन शिकायतें सुनी गईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों के समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का लंबित रहना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने जन शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए नया मॉडल अपनाने के निर्देश दिए और कहा कि शिकायत-बहुल क्षेत्रों की जीआईएस आधारित मैपिंग की जाएगी, जिससे यह स्पष्ट होगा कि किन क्षेत्रों में अधिक समस्याएं सामने आ रही हैं और किन अधिकारियों की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए एनआईसी को पिछले 10 समाधान दिवसों के आंकड़ों का विभागवार विश्लेषण कर हॉटस्पॉट मैप तैयार करने को कहा गया। बैठक में भूमि विवाद, अतिक्रमण, सीमांकन, बिजली, पेयजल, बैंक ऋण और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। जिलाधिकारी ने चकराता और कालसी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में 73 शिकायतें दर्ज, 41 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 73 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 41 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई हेतु भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, पुलिस एवं अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कई शिकायतकर्ताओं ने अवैध कब्जे, निर्माण से मकान को खतरा, सर्विस रोड निर्माण तथा शौचालय निर्माण से जुड़े मुद्दे भी उठाए। सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
जनता दरबार में सुनीं लोगों की जनसमस्याएं
टिहरी। जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में पेयजल, मुआवजा, आपदा, अतिक्रमण और सड़क सुरक्षा से जुड़ी कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुईं।
नई टिहरी की महिलाओं ने एक आश्रम पर सड़क पर अतिक्रमण, कूड़ा फेंकने और अभद्र व्यवहार की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन में सीडीओ ने सुनीं शिकायतें
चमोली। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला सभागार गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सीडीओ ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
61 शिकायतें दर्ज, 40 का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत मणिगुह में राज्य सरकार की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। विधायक आशा नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 40 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों ने सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करना और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम में अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी सहित कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

डीएम ने सुनी समस्याएं, दिए निस्तारण के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 19 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका को संयुक्त निरीक्षण कर अवरुद्ध नालियों की सफाई एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्य तत्काल करने को कहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!