कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। किसी भी कमी को तत्काल दूर करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप क्षेत्र में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक, दो ट्यूबवेल एवं पंप हाउस निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद बजरीवाला क्षेत्र में ट्यूबवेल स्थापना एवं अस्थायी पेयजल लाइनों के कार्यों की समीक्षा की गई। दक्षद्वीप क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल, इंटरलॉकिंग सड़क एवं प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण करते हुए यातायात एवं सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान एवं उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
