जल उत्सव-2026 का शुभारंभ, जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर


पौड़ी। जिले के पाबौ विकासखंड स्थित खुड़डेश्वर मैदान में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) उत्तराखंड द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय जल उत्सव-2026 का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोत, नदियां, गाड़-गदेरे, नौले और धारे राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। बदलती जलवायु और बढ़ती जल आवश्यकताओं के बीच इन स्रोतों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा स्थानीय समुदायों, महिला समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!