चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

चमोली। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर गौचर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गौचर मुख्य बाजार, कमेड़ा क्षेत्र और रुद्रप्रयाग-चमोली सीमा तक पहुंचकर यातायात संचालन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारू रखा जाए और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
