मुख्यमंत्री धामी के पौड़ी दौरे की तैयारियां पूरी, डीएम ने लिया जायजा

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 15 जून 2026 के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री अपने कार्यक्रम के तहत श्रीनगर रोड स्थित विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करेंगे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और हर व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखें ताकि मुख्यमंत्री का दौरा सफल और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
