विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तवीरों ने किया रक्तदान


हरिद्वार। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर कनखल स्थित दक्ष बालाजी ऑर्थाे हॉस्पिटल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। वरिष्ठ ऑर्थाे एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंघल के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में माँ गंगे ब्लड बैंक, जगजीतपुर का विशेष सहयोग रहा। डॉ. सिंघल ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त तीन से चार लोगों का जीवन बचा सकता है। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शिवसेना को किया सम्मानित

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान के क्षेत्र में योगदान के लिए शिवसेना को सम्मानित किया गया। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट और प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने राज्य प्रमुख गौरव कुमार को सम्मान-पत्र प्रदान किया।

रक्तदान के प्रति किया जागरूक

उत्तरकाशी। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस समिति, स्वीप और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर एवं रेडक्रॉस भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सचिन कुमार ने किया, जिन्होंने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। शिविर में लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!