वीवीआईपी भ्रमण को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। 12 जून 2026 से प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस लाइन में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल तथा एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण करने, पहचान पत्र एवं ड्यूटी कार्ड साथ रखने तथा सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। वीवीआईपी रूट, प्रवास स्थल और कार्यक्रम स्थलों पर त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाईराइज भवनों, पानी की टंकियों, फ्लाईओवरों तथा संवेदनशील स्थानों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड से जांच कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, होटल, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने तथा बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन करने को कहा गया। कार्यक्रम क्षेत्र में ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने वीवीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
