बरसात को देखते हुए आपदा राहत के लिए प्रशासन हुआ अलर्ट

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / हरेंद्र बिष्ट,
थराली। आसन्न बरसात को देखते हुए इससे निपटने के लिए तहसील प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है, इसके तहत थराली के उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह ने तहसील सभागार में तहसील क्षेत्र के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आपदा के दौरान सामंजस्य बिठाते हुए आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने की बात कही।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र थराली के चिकित्सकों ने बताया कि यहां पर 24 बैड उपलब्ध हैं, जहां पर आपातकाल की स्थिति के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा थराली सीएचसी सहित थराली के अन्य पीएचसीयो, एडिसन पीएचसीयों में कुल 9, नारायणबगड़ ब्लाक में 6 एवं देवाल ब्लाक में 4 चिकित्सा तैनात हैं, आपदा के दौरान सभी चिकित्सकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने वन विभाग को आवादीय क्षेत्रों में खतरनाक बने पेड़ो को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा की घड़ी में सभी विभागों को सामंजस्य के साथ काम कर किसी भी क्षति को कम-से-कम करने का प्रयास करने की बात कहते हुए इसके अलावा आमजन से संपर्क बनाए रखने की बात कही।
बैठक में थराली के तहसील अक्षय पंकज, रजिस्टर कानूनगो अशोक नौटियाल,वन क्षेत्राधिकारी थराली मनोज देवराड़ी, नारायणबगड़ अखलेश भट्ट, बिजली विभाग के एसडीओ राम कुमार कौशिक, लोनिवि थराली के डीएस बधाणी,श्रीजय, पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के प्रदीप पंवार,खाद्य निरीक्षक देवाल मनोहर सिंह, थराली धीरज जोशी,जल संस्थान के धर्म राज मौर्य, डॉ.दीपक मेहरा, डॉ.अमित राय सहित तमाम अन्य विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी।
आपदा के दृष्टिगत एसएसबी ग्वालदम के द्वारा तहसील प्रशासन थराली का हरसंभव सहयोग किया जाएगा। एसएसबी ग्वालदम के डिप्टी कलेक्टर मकमुल खान ने बताया कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील शील थराली में आपदा के दौरान होने वाली किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए एसएसबी के उपकरणों, चिकित्सकों एंव जवानों के माध्यम से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह ने बताया कि थराली ने बताया कि आपदा के दौरान प्रसुति महिलाओं की सर्वे करवाई गई हैं, ताकि आपदा के दौरान जच्चा-बच्चा को समय रहते चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध करवाई जा सकें रिपोर्ट के अनुसार 30 सितंबर तक तहसील क्षेत्र में कुल 70 महिलाओं का प्रसव होना हैं, एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को हर स्थिति पर पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
