विश्वविद्यालयों में साइबर सुरक्षा के हों पुख्ता इंतजाम: डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। राज्य विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी राजकीय विश्वविद्यालयों में साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालयों के डिजिटल डाटा की सुरक्षा वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है। इसके लिए विश्वविद्यालयों को अपने वेब एप्लिकेशन, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑनलाइन सेवाओं को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (डीपीडीपी) कानून के अनुरूप सभी विश्वविद्यालयों को डेटा गोपनीयता और साइबर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने डाटा लीक, साइबर हमलों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में विश्वविद्यालयों को गोद लिए गए गांवों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने, 20-20 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने तथा “एक विश्वविद्यालय-एक शोध” योजना के तहत शोध कार्यों का प्रस्तुतीकरण तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा आगामी छात्रसंघ चुनावों में 50 प्रतिशत पद छात्राओं के लिए आरक्षित रखने पर भी सहमति बनी। बैठक में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा एवं परीक्षा संचालन से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
