उत्तराखंड में ‘’सर्व सेफ फूड’’ परियोजना का विस्तार, 1500 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को मिलेगा प्रशिक्षण
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / रोहित वर्मा,
हरिद्वार। उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए), नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया और नेस्ले इंडिया के संयुक्त प्रयास से राज्य में ‘सर्व सेफ फूड’ परियोजना का विस्तार किया गया है। इस पहल के तहत राज्य के आठ जिलों में 1500 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड में इस परियोजना के तहत प्रशिक्षित विक्रेताओं की कुल संख्या बढ़कर 5900 से अधिक हो जाएगी।
परियोजना के विस्तार के अंतर्गत देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल सहित विभिन्न जिलों के स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में एफडीए के उपायुक्त गणेश कंडवाल, अपर आयुक्त ताज बार सिंह, सहायक आयुक्त एम. एन. जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर. के. सिंह तथा नेस्ले इंडिया की पंतनगर फैक्ट्री के फैक्ट्री मैनेजर अमित दुग्गल उपस्थित रहे।
‘सर्व सेफ फूड’ परियोजना के माध्यम से अब तक देश के 27 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में 1.20 लाख से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन, अपशिष्ट निपटान और उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विक्रेताओं को बेहतर खाद्य प्रबंधन पद्धतियों और सुरक्षित व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
नेस्ले इंडिया के सस्टेनेबिलिटी एवं सामाजिक पहलों के प्रमुख कुंवर हिम्मत सिंह ने कहा कि कंपनी केवल अपने उत्पादों तक सीमित न रहकर देशभर में खाद्य सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्ट्रीट फूड विक्रेताओं में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यवसाय की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और स्थिरता को भी मजबूत करेगी। 2016 में शुरू हुई यह परियोजना देश के अनेक राज्यों में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और लाखों उपभोक्ताओं तक सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सेवाएं पहुंचाने में योगदान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!