भीषण गर्मी में एसएसपी ने बढ़ाया जवानों का हौंसला

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
टिहरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव एवं भीषण गर्मी के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र में यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न यातायात प्वाइंटों पर तैनात पुलिस कर्मियों से मुलाकात कर उनकी कार्य परिस्थितियों का जायजा लिया और धूप से बचाव के लिए हैट (टोपी) तथा रिफ्रेशमेंट सामग्री वितरित की। एसएसपी ने जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके स्वास्थ्य और मनोबल का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मुनि की रेती के साथ प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा आस्था और उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः परंपरा का प्रतीक है, जिसकी सुरक्षा और सुचारु संचालन पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
