जिलाधिकारी सख्त, मानसून से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

रुद्रप्रयाग। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, भूस्खलन संभावित स्थानों की निगरानी बढ़ाने तथा आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने बिना पंजीकरण संचालित घोड़ा-खच्चरों के विरुद्ध अभियान चलाने, अतिक्रमण हटाने, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, एक्सपायरी खाद्य सामग्री पर रोक और रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
