वन भूमि हस्तांतरण मामलों में तेजी लाने के निर्देश, देरी पर डीएम सख्त


पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जनहित की विकास योजनाओं से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन भूमि हस्तांतरण प्रकरण विकास कार्यों की प्रगति से सीधे जुड़े हैं, इसलिए विभागीय समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को प्रतिपूरक वनीकरण से संबंधित मामलों में शासन और भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपजिलाधिकारियों, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सड़क निर्माण से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए तथा सभी विभाग नियमित फॉलो-अप कर समयबद्ध स्वीकृतियां सुनिश्चित करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ जनता तक शीघ्र पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!