योग दिवस को लेकर उत्साह, कंडोलिया मैदान और गंगा तट पर होगा योगाभ्यास

पौड़ी। जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के तत्वावधान में कंडोलिया मैदान में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू गांव स्थित गंगा तट पर भी स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डेय ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें। कंडोलिया मैदान में योग प्रशिक्षक दीपक नेगी और गीता देवी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। सिरासू गंगा तट पर प्रशिक्षक मेनका आर्य और राहुल ने योगाभ्यास करवाते हुए इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों से नियमित योग को जीवनशैली में शामिल करने की अपील की।
