चारधाम यात्रा व मानसून तैयारियों की समीक्षा, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा और मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर नगर निकायों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी निकायों को जलभराव की संभावित समस्याओं का समय रहते चिन्हीकरण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो इसके लिए नालों और नालियों की सफाई समय पर सुनिश्चित की जाए तथा आपात स्थिति में पंपों व उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का प्रतिवर्ष विद्युत ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा को देखते हुए उन्होंने नगर निकायों को प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड और कूड़ेदान लगाने, स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने मानसून से पहले स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित करने और स्वच्छता को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
