विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ व वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
टिहरी। जिले की तहसील जाखणीधार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स का द्वितीय चरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले प्रशिक्षण में 63 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान घर-घर सत्यापन, मतदाता विवरण संकलन, प्रपत्रों के संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने संबंधी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित कर मूल्यांकन किया गया तथा आवश्यक निर्वाचन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर दीपक रतूड़ी ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण
रुद्रप्रयाग। बुधवार को ऊखीमठ ब्लॉक सभागार और विकासखंड जखोली में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन प्रक्रिया तथा घर-घर सत्यापन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए को दिया प्रशिक्षण
हरिद्वार। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत प्रशिक्षण से वंचित रहे बूथ लेवल ऑफिसर, सुपरवाइजर एवं राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट को बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने सभी प्रतिभागियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने और जिम्मेदारी के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कई अधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने सभी प्रतिभागियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने और जिम्मेदारी के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कई अधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
