कैबिनेट मंत्री ने किया विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

पौड़ी। जिले के खिर्सू विकासखंड में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने 58.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित थानधार-उल्ली दो किलोमीटर मोटर मार्ग का लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्राम उल्ली में पर्यटकों की सुविधा के लिए पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाले यात्री प्रतीक्षालय का शिलान्यास किया। मंत्री ने खिर्सू-माण्डाखाल मोटर मार्ग पर बिडोली में निर्मित व्यूप्वाइंट का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
