जनसुनवाई में 65 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 32 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, विद्युत, अतिक्रमण, पेयजल, जलभराव और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और अन्य नागरिकों ने सिंचाई, विद्युत कनेक्शन, भूमि पैमाइश, राशन कार्ड संशोधन, अवैध कब्जों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रकरण उठाए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ मौके पर जाकर समाधान किया जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 583 और एल-2 स्तर पर 171 शिकायतें लंबित पाई गईं। डीएम ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
