उत्तराखंड में बदलाव का समय, भाजपा सरकार में तालमेल की कमी: कुमारी शैलजा

देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा राहुल गांधी के 4 और 5 जून के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश पहुंचीं। उनके साथ सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे तथा 5 जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आपसी तालमेल की कमी है और मंत्री, विधायक तथा नेता आंतरिक खींचतान में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा हो रही है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को नई दिशा देंगे। बैठक में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
