मौसम अलर्ट के बीच श्रीनगर में बनाए गए सुरक्षित होल्डिंग स्थल

चारधाम यात्रा मार्ग पर खराब मौसम और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर श्रीनगर में लगभग 400 वाहनों को एनआईटी मैदान और आवास विकास मैदान में सुरक्षित रूप से रोका गया है। उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा ने बताया कि यात्रियों के लिए पेयजल, भोजन, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मौसम सामान्य होने पर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से बचें।
