देश-विदेश के भक्तों की अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है केदारनाथ


रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिल रही है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बताया कि 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद मात्र 40 दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने इसे बाबा केदार के प्रति देश-विदेश के भक्तों की अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बताया।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण और विकास कार्यों ने यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया है। बेहतर संपर्क मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को लाभ मिल रहा है।
भारी बारिश के चलते अस्थायी रूप से रोकी गई केदारनाथ यात्रा
रुद्रप्रयाग।
जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण यात्रियों को पैदल मार्ग के निकट होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है। वहीं श्रीनगर क्षेत्र में भी केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में रोका गया है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। श्रद्धालुओं से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!