विश्व तंबाकू निषेध दिवस छात्रों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

पौड़ी। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला पंचायत सभागार पौड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीनियर सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने की।
कार्यक्रम में तंबाकू और निकोटिन की लत के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। तंबाकू की लत छोड़ चुके तीन व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जीआईसी पौड़ी के छात्र-छात्राओं के बीच निबंध, भाषण, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं को किया नशे के प्रति जागरूक
हरिद्वार। ऋषिकुल परिसर, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अगद तंत्र एवं विधि वैद्यक विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत पावरपॉइंट प्रस्तुति, पोस्टर प्रदर्शन, जागरूकता वीडियो और शपथ ग्रहण जैसे आयोजन किए गए। छात्र-छात्राओं एवं पीजी स्कॉलर्स ने सक्रिय भागीदारी करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया। परिसर निदेशक प्रो. अनूप कुमार गख्खड़, प्रो. डॉ. रमेश चंद्र तिवारी, डॉ. वेद भूषण शर्मा और डॉ. भावना मित्तल के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
