प्रधानमंत्री की अपील का नहीं दिखा असर, चर्चा का विषय बना राष्ट्रीय अध्यक्ष का लंबा काफिला
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आज देहरादून पहुंचे। दौरे से पहले भाजपा लगातार यह दावा कर रही थी कि कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी और छोटे काफिले वाली कार्यशैली के अनुरूप होगा, लेकिन जौलीग्रांट एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का लंबा काफिला चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार नितिन नबीन के स्वागत और सुरक्षा में 35 से अधिक वाहन शामिल थे। काफिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की गाड़ियां भी मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते नजर आए। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा कार्यालय तक कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
कांग्रेस बोली भाजपा की कथनी और करनी में अंतर
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि एक ओर आम जनता से पेट्रोल बचाने और सादगी अपनाने की अपील की जाती है, वहीं दूसरी ओर नेताओं के लंबे-चौड़े काफिले निकाले जाते हैं। गरिमा दसौनी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को गंभीरता से लिया गया होता तो नेताओं और पदाधिकारियों को सीमित संख्या में वाहन रखने के निर्देश पहले ही दिए जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि जनता अब यह सवाल पूछ रही है कि क्या सादगी और ईंधन बचत के नियम केवल आम लोगों के लिए ही हैं। हालांकि भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्ष इस मामले को लेकर लगातार हमलावर बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!